Crime News / आपराधिक ख़बरे

कार के अंदर मिला दरोगा का शव कार से शराब की बोतल बरामद; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गाजीपुर थाने की सर्वोदयनगर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार उर्फ अजय ठाकुर (36) का शव शुक्रवार दोपहर पारा थाना क्षेत्र के मोहान रोड पर उनकी कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कार अंदर से लॉक थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शीशा तोड़कर शव बाहर निकाला। प्रारंभिक आशंका ब्रेन हैमरेज या दिल का दौरा पड़ने से मौत की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस के अनुसार, अजय कुमार मूल रूप से हापुड़ जिले के मेहताब सेन (इंद्रगढ़ी) के निवासी थे। वर्तमान में वह पारा क्षेत्र के हंसखेड़ा स्थित विनायकपुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। वह वर्ष 2021 से 2024 तक पारा थाने में भी तैनात रह चुके थे। बताया गया कि गुरुवार दोपहर से वह चौकी नहीं पहुंचे थे। चौकी प्रभारी सचिन कौशिक सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शुक्रवार को सर्विलांस के जरिए उनके मोबाइल की लोकेशन बुद्धेश्वर चौराहे से पहले मोहान रोड पर मिली। इसके बाद गाजीपुर और पारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उनकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली। कार के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे। पुलिस ने पीछे का शीशा तोड़कर देखा तो चालक सीट पर अजय कुमार का शव पड़ा था। उनका चेहरा काला पड़ चुका था तथा नाक और मुंह से खून निकल रहा था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कार के भीतर शराब की एक बोतल भी बरामद की है। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनकी पत्नी कोमल लगभग एक माह पहले बच्चों के साथ हापुड़ गई थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दरोगा की कार गुरुवार दोपहर से ही मोहान रोड किनारे खड़ी थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh