Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: कर्तव्य में लापरवाही पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार का बड़ा एक्शन, जीयनपुर के उपनिरीक्षक व सिधारी के मुख्य आरक्षी निलंबित

आजमगढ़। कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना जीयनपुर के एक उपनिरीक्षक और थाना सिधारी के एक मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

 

जीयनपुर में उपनिरीक्षक पर कार्रवाई

 

थाना जीयनपुर में तैनात उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य पर एक विवेचना के दौरान उच्चाधिकारियों को बिना सूचना दिए गंभीर धाराओं में परिवर्तन करने तथा विवेचना में घोर लापरवाही बरतने का आरोप है। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने इसे आदेशों की अवहेलना माना और तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।

 

सिधारी के मुख्य आरक्षी भी निलंबित

 

दूसरे मामले में थाना सिधारी में तैनात मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार पर ड्यूटी के दौरान स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता एवं पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही के आरोप पाए गए। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

 

एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद पुलिस में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh