Politics News / राजनीतिक समाचार

खाद्य प्रसंस्करण को मिली नई रफ्तार, 9 निवेश परियोजनाओं को हरी झंडी

70 करोड़ रुपये के प्रस्तावों की संस्तुति, 200 दिनों में शुरू होंगी इकाइयाँ; यूपी PMFME योजना में देश में फिर अव्वल


लखनऊ, 17 जुलाई 2026।उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एप्रेजल समिति ने 70 करोड़ रुपये की 9 निवेश परियोजनाओं को स्वीकृति के लिए संस्तुत किया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने और युवाओं के लिए रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास के साथ-साथ हरित ऊर्जा को भी समान प्राथमिकता दे रही है। सौर ऊर्जा आधारित औद्योगिक मॉडल उद्योगों को लागत में राहत देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के तहत उपलब्ध प्रोत्साहनों और निवेश सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा की अध्यक्षता में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में आयोजित एप्रेजल समिति की बैठक में प्राप्त 11 निवेश प्रस्तावों की समीक्षा की गई, जिनमें से 9 प्रस्तावों को निर्धारित शर्तों के साथ राज्य स्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (SLEC) के समक्ष भेजने की संस्तुति की गई। इन प्रस्तावों में बरेली (2), गोरखपुर (2), कानपुर नगर (1), ललितपुर (1), बदायूं (1), लखनऊ (1) और हापुड़ (1) की परियोजनाएँ शामिल हैं।

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग (PMFME) योजना के तहत 99 प्रतिशत ऋण वितरण के साथ उत्तर प्रदेश लगातार देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। साथ ही लेटर ऑफ कम्फर्ट अब औसतन 20 दिनों में जारी किए जा रहे हैं और स्वीकृत इकाइयाँ औसतन 200 दिनों में उत्पादन शुरू कर रही हैं, जबकि पहले इसमें लगभग 500 दिन लगते थे।

समीक्षा के दौरान जुलाई माह के अंत तक 31 हजार स्वीकृत परियोजनाओं का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न बैंकों में लंबित 6,208 आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक के दौरान गोरखपुर की क्रेजी स्नैक्स लिमिटेड के निवेशक नवीन अग्रवाल ने जानकारी दी कि कंपनी का आईपीओ 3 जुलाई 2026 को मुंबई में लॉन्च हुआ और कंपनी बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हो चुकी है। इस उपलब्धि पर उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।

इसके अलावा सीआईएसएच के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आलोक गुप्ता तथा बीएमएस एफपीओ, सीतापुर के अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह को आम उत्पादकों के हित में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh