Entertainment News / ख़बर मनोरंजन

आजमगढ़ की बेटी का बड़े पर्दे पर जलवा बहुभाषीय फिल्म को मिल रहा दर्शकों का भरपूर प्यार, श्वेता ने शबाना आज़मी के मार्गदर्शन में सीखी अभिनय की बारीकियां

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के मेजवा गांव की बेटी श्वेता प्रजापति इन दिनों झारखंड में बनी बहुभाषीय फिल्म ‘सेरेंग’ को लेकर सुर्खियों में हैं। चार भाषाओं में बनी यह फिल्म 8 मई से सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है और झारखंड की अब तक की सबसे बड़े स्तर पर रिलीज हुई फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, वहीं मुख्य अभिनेत्री श्वेता प्रजापति के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है। मिजवां गांव निवासी श्वेता प्रजापति ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर अभिनय की दुनिया में खास पहचान बनाई है। उन्होंने प्रसिद्ध अभिनेत्री Shabana Azmi के सानिध्य में अभिनय की बारीकियां सीखीं। बताया जाता है कि शबाना आज़मी के मार्गदर्शन और श्वेता की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि आज वह बड़े पर्दे पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। श्वेता प्रजापति के पिता राजेंद्र प्रजापति और माता शीला देवी ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई है। श्वेता ने अपनी शुरुआती शिक्षा कैफी आज़मी कन्या इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तक पूरी की। इसके बाद वह मुंबई चली गईं, जहां उन्होंने थिएटर में ग्रेजुएशन कर अभिनय को अपना करियर बनाया। फिल्म ‘सेरेंग’ का निर्देशन एनपीके पुरुषोत्तम ने किया है। फिल्म में श्वेता प्रजापति के साथ नितेश कच्छप और विवेक नायक भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय से दर्शक भावुक हो रहे हैं। फिल्म देखने पहुंचीं झारखंड सरकार की कृषि मंत्री Neha Tirkey ने भी श्वेता प्रजापति के अभिनय की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मिजवां की इस बेटी की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि श्वेता प्रजापति ने न सिर्फ अपने गांव बल्कि पूरे आजमगढ़ जिले का नाम भी रोशन किया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh