मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने ओडीओपी सीएफसी परियोजनाओं की समीक्षा की, उद्यमियों तक पहुंच बढ़ाने के दिए निर्देश
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में गुरुवार को ओडीओपी (एक जनपद एक उत्पाद) सामान्य सुविधा केन्द्र (सीएफसी) योजना के तहत निर्मित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएफसी को उद्यमियों, बुनकरों और हस्तशिल्पियों के लिए अधिक उपयोगी, सुलभ और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी सीएफसी की व्यवहार्यता और उपयोगिता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। जिला प्रशासन, बैंकों और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि सीएफसी की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान, पंपलेट वितरण तथा उद्योग बंधु और विभिन्न इंडस्ट्री एसोसिएशनों के माध्यम से कार्यशालाएं आयोजित की जाएं।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिला एवं मंडल स्तरीय उद्योग बंधु की बैठकें सीएफसी परियोजना स्थलों पर आयोजित की जाएं तथा प्रत्येक सीएफसी के लिए सिटीजन चार्टर तैयार कर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए। इसमें उपलब्ध सुविधाएं, यूजर चार्ज, लाभार्थियों के अधिकार और अन्य आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित हों।
उन्होंने छोटे उद्यमियों, बुनकरों और हस्तशिल्पियों की अधिकाधिक सदस्यता सुनिश्चित कर यूजर बेस बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही नई सीएफसी परियोजनाओं का चयन कारीगर एवं हस्तशिल्प बहुल क्षेत्रों में करने के निर्देश दिए, ताकि उनकी उपयोगिता अधिकतम हो सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि सीएफसी स्थानीय उद्योगों और विनिर्माण इकाइयों के सहयोग से फैक्ट्री श्रमिकों के लिए अपस्किलिंग कार्यक्रम शुरू करें, जिससे उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी सीएफसी के प्रदर्शन में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने विभिन्न जनपदों से आए कॉमन फैसिलिटी सेंटर के लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में ओडीओपी सामान्य सुविधा केन्द्र योजना के अंतर्गत 17 परियोजनाएं संचालित, 13 निर्माणाधीन तथा 11 नई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, विशेष सचिव एमएसएमई शिशिर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
•ODOP CFC Review: मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने ओडीओपी सामान्य सुविधा केन्द्रों की समीक्षा की, प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण पर दिया जोर


























































Leave a comment