Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने का खुलासा, नगर पालिका का आउटसोर्स कर्मचारी गिरफ्तार

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी अभिलेखों के दुरुपयोग के मामले का खुलासा करते हुए नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षरों की कूटरचना कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने तथा उसके जरिए राशन कार्ड समेत अन्य सरकारी अभिलेखों में लाभ दिलाने की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म-मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की तहरीर पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका परिषद द्वारा निर्गत नहीं किया गया था। जांच में पता चला कि उस प्रमाण पत्र पर कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर अंकित कर उसे कूटरचित तरीके से तैयार किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को वायरल ऑडियो और अन्य साक्ष्यों से जानकारी मिली कि विदेश में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे अब्दुल करीम के माध्यम से नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद से संपर्क कराया था। आरोप है कि खुर्शीद ने आवश्यक दस्तावेज और धनराशि लेने के बाद फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध कराया, जिसका उपयोग राशन कार्ड और अन्य सरकारी अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने सरकारी अधिकारियों के डिजिटल हस्ताक्षरों की कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। मामले की विवेचना के दौरान मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोडवेज तिराहा, मुबारकपुर से आरोपी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद (37 वर्ष), निवासी पूरारानी, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पैसे के लालच में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 258/2026 में धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh