आजमगढ़: सऊदी अरब से प्रवासी भारतीय का शव पहुंचा गांव, परिजनों में मचा कोहराम
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी प्रवासी भारतीय रामआशीष का शव मंगलवार को सऊदी अरब से उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय लोग उनके आवास पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, रामआशीष पुत्र स्वर्गीय जिन्नू राम रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब में कार्यरत थे। पिछले लगभग एक महीने से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके बाद उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 1 जुलाई को उनका निधन हो गया।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सोमवार को उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से लखनऊ लाया गया। वहां से एंबुलेंस के माध्यम से मंगलवार को उनके पैतृक गांव मोहिउद्दीनपुर पहुंचाया गया। जैसे ही पार्थिव शरीर घर पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।
मृतक अपने पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। इनमें दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस दुखद अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. बलिराम, लालमन यादव, रामनगीना महंथ, पूर्व बसपा विधानसभा अध्यक्ष शिवशंकर लाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान इकबाल उर्फ चुन्नू, बाबूराम यादव, ग्राम विकास अधिकारी ओमप्रकाश राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।






















































Leave a comment