Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: गोकशी की सूचना पर पुलिस-मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी घायल, तीन गिरफ्तार; 23.7 किलो गोवंशीय मांस बरामद

सरायमीर (आजमगढ़), 14 जुलाई। आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, डायल-112 से सूचना मिली थी कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर मांस बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी बोरियां छोड़कर भागने लगे।

पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने पर मेराज उर्फ साजिद खान ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया।

पुलिस ने मौके से गालिब और शहजाद को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि वे अपने एक अन्य साथी अरहम के साथ मिलकर सुनसान स्थान पर गोवंश का वध कर मांस आसपास के गांवों में बेचते थे।

बरामदगी

01 तमंचा (.315 बोर)

01 जीवित कारतूस

01 खोखा कारतूस

04 चाकू

02 चापड़

01 लकड़ी का ठीहा

23.700 किलोग्राम कथित गोवंशीय मांस

पुलिस के अनुसार, पशु चिकित्साधिकारी द्वारा निरीक्षण के बाद बरामद मांस को प्रथम दृष्टया प्रतिबंधित पशु का मांस बताया गया है। नमूने सुरक्षित कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

मेराज उर्फ साजिद खान (23 वर्ष), निवासी हाजीपुर गोधना, थाना पवई

गालिब (24 वर्ष), निवासी खासडीह बरईपुर, थाना सरायमीर

शहजाद (27 वर्ष), निवासी खासडीह बरईपुर, थाना सरायमीर

एक अन्य आरोपी अरहम की तलाश जारी है।

पुलिस ने मेराज उर्फ साजिद के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1), 3/25 आयुध अधिनियम तथा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपों की पुष्टि न्यायालय में विचारण एवं जांच के बाद होगी।)


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh