आजमगढ़ के दो युवक निकले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
आजमगढ़।दिल्ली पुलिस ने रविवार को नॉर्थ रोहिणी इलाके से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करने वाले हैरी बॉक्सर गिरोह के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के भटनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय अभिनव उर्फ आकाश सिंह और 22 वर्षीय विवेक यादव निवासी भटनी, थाना महाराजगंज के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी शिव गोविंद दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक तीनों विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में रहकर कांट्रैक्ट किलिंग और रंगदारी से जुड़े काम करते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर रोहिणी सेक्टर-11 से जमीन में छिपाकर रखी गई तीन अत्याधुनिक पिस्तौल, 26 कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि गिरोह कारोबारियों और ज्वेलर्स की रेकी कर उनकी जानकारी विदेश में बैठे संचालकों तक पहुंचाता था।
पुलिस के अनुसार अभिनव उर्फ आकाश सिंह का नाम वर्ष 2024 के चर्चित नादिर शाह हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा गिरोह से संपर्क किया और विवेक को भी अपने साथ जोड़ लिया।
फिलहाल दिल्ली पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लाई नेटवर्क और विदेश में बैठे संचालकों की तलाश में जुटी हुई है।
























































Leave a comment