Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: साइबर ठगी के रुपये निकालने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, बायोमेट्रिक क्लोन व POS मशीन समेत कई उपकरण बरामद

आजमगढ़। ऑपरेशन "CyVazra" के तहत आजमगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना गम्भीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों से निकालने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के तहत अब तक 12 शातिर साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा 14 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम और गम्भीरपुर पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर यश विश्वकर्मा (19 वर्ष) निवासी दयालपुर, थाना गम्भीरपुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने सहयोगी सद्दाम निवासी रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर के साथ मिलकर AEPS (आधार आधारित बैंकिंग प्रणाली) और बायोमेट्रिक उपकरणों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी की रकम विभिन्न खातों से नकद निकालता था। आरोप है कि बायोमेट्रिक मशीन और कूटरचित रबर अंगूठा (बायोमेट्रिक क्लोन) का इस्तेमाल कर खातों से रुपये निकालकर कमीशन के आधार पर आपस में बांट लिए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसके खाते में पहले भी साइबर ठगी के 50 हजार रुपये आए थे, जिन्हें इसी तरीके से निकालकर बांट लिया गया था।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई अहम उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें—

  • बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट स्कैनर
  • कूटरचित रबर अंगूठा (बायोमेट्रिक क्लोन)
  • POS मशीन
  • एटीएम कार्ड
  • अन्य डिजिटल उपकरण व दस्तावेज

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और साइबर अपराध से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh