Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जीयनपुर के नूरुद्दीनपुर में हड़कंप, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा; पुराने मुकदमे से जुड़ा बताया जा रहा मामला

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नूरुद्दीनपुर गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 32 वर्षीय युवती न्याय की मांग को लेकर टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से युवती से लगातार बातचीत की और कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

जानकारी के अनुसार, नूरुद्दीनपुर गांव निवासी मंजू (32) पुत्री फूलचंद शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ गई। युवती का आरोप था कि गांव का एक व्यक्ति, जिसे वह अपने पुत्र का पिता बता रही थी, उसे अपने घर में रहने की अनुमति दे। इसी मांग को लेकर उसने विरोध का यह तरीका अपनाया।

घटना की सूचना मिलते ही महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी शुक्ला एवं उपनिरीक्षक संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती से मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसे शांत कराया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब 1:50 बजे युवती सुरक्षित खंभे से नीचे उतर आई।

2021 के मुकदमे से जुड़ा है मामला

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में युवती ने गांव के ही अनुग्रह सिंह के विरुद्ध शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला बाद में न्यायालय पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बावजूद युवती कथित रूप से उसी व्यक्ति के घर में रहने की मांग कर रही थी।

पुलिस ने क्या कहा

पुलिस का कहना है कि युवती को पूरी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उसकी शिकायत के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh