Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: CMO डॉ. एन.आर. वर्मा का 3 PHC पर औचक निरीक्षण, जन आरोग्य मेले में 1,952 मरीजों का उपचार

आजमगढ़, 13 जुलाई 2026। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेंहनगर ब्लॉक के PHC पंदहा, ठेकमा ब्लॉक के PHC गोमाडीह तथा मोहम्मदपुर ब्लॉक के PHC कलंदरपुर में चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों के पंजीकरण, दवा उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा की।

 

सीएमओ ने बताया कि जिले के 76 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 79 चिकित्सकों और 270 पैरामेडिकल स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं। मेले में कुल 1,952 मरीजों का पंजीकरण कर उपचार किया गया, जिनमें 848 पुरुष, 866 महिलाएं और 238 बच्चे शामिल रहे। इसके अलावा 53 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।

 

गोमाडीह में सफाई व्यवस्था पर नाराज़गी

 

PHC पंदहा में सीएमओ ने मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं और निःशुल्क दवाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा चिकित्सकों को प्रत्येक मरीज की समुचित जांच और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और गैर-संचारी रोगों से पीड़ित मरीजों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

 

वहीं PHC गोमाडीह में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराज़गी जताई और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों की कमी को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

PHC कलंदरपुर की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर सीएमओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।

 

इन रोगों के मरीजों का हुआ उपचार

 

जनपदीय रिपोर्ट के अनुसार जन आरोग्य मेले में 316 गैस्ट्रो, 311 मधुमेह, 273 त्वचा रोग, 138 श्वसन रोग, 108 उच्च रक्तचाप, 31 एनीमिया तथा 29 लीवर रोग के मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा 9 संभावित टीबी मरीजों की पहचान की गई, 118 कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया गया, 101 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच हुई तथा 7 गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।

 

सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला ग्रामीण क्षेत्रों तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता और साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh