स्कूल चलो अभियान का हुआ शुभारंभ
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी आज स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत प्रवेशोत्सव, रैली एवं प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा विद्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
इसी क्रम में नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन, देवरिया में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने बच्चों को तिलक लगाकर प्रतीकात्मक रूप से नामांकन अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने स्लोगन, बैनर एवं पोस्टर के साथ प्रतिभाग किया। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली विकास भवन से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः विकास भवन परिसर में समाप्त हुई।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में उत्कृष्ट नामांकन कराने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नामांकन अभियान के माध्यम से अधिकाधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि समाज के प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया कि निर्धारित नामांकन लक्ष्य को आगामी 15 जुलाई 2026 तक हर हाल में पूरा करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, पंकज सिंह, जयराम, उपेंद्र भारती, जिला समन्वयक ज्ञानेन्द्र सिंह, आशुतोष सिंह, अंकित मिश्रा तथा कुलदीप कुमार, जिला व्यायाम शिक्षक संजय सिंह, जिला स्काउट मास्टर संजय मिश्रा, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक संजय तिवारी, आशुतोष यादव, जिला सचिव स्काउट-गाइड संगठन आशुतोष शाह, आलोक पाण्डेय, नीलम सिंह, स्तुति पाण्डेय, शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि विवेक मिश्र, गोविन्द सिंह, ऋषिकेश जायसवाल, नित्यानंद यादव, अशोक सिंह, विनोद सिंह, नंदलाल, नरेंद्र मोहन सिंह सहित जनपद के एआरपी, ईसीसीई एजुकेटर प्रियंका राय, नूतन तिवारी, अनिल मणि, अयाज अंसारी, निसार अंसारी, संविलयन विद्यालय महाराणा प्रताप, अंजुमन स्कूल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
























































Leave a comment