चार विद्यालयों एवं एक आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर डीएम ने परखी शिक्षा व्यवस्था
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज प्रातः 7:45 बजे स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों की उपस्थिति एवं शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए भटनी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय देवघाट, उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय बभनवली कला तथा प्राथमिक विद्यालय सकरापार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था एवं पठन-पाठन की गुणवत्ता बनाए रखने, समय से विद्यालय पहुंचने तथा शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सकरापार में बच्चों से संवाद किया तथा उनसे प्रश्न भी पूछे। विलंब से आने वाले शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचने के निर्देश देते हुए उन्हें सचेत भी किया। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, बच्चों को निपुण बनाने तथा जनपद को निपुण जनपद के रूप में स्थापित करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता किसी भी स्तर पर प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए तथा अनुमन्य सभी सुविधाएं छात्रों तक समय से पहुंचाई जाएं। अभिभावक-शिक्षक बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए तथा परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं से अभिभावकों को अवगत कराया जाए। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने तथा कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न रहे, इसके लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापिका एवं दो शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बभनवली कला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
























































Leave a comment