Accidental News / दुर्घटना की खबरें

मां पाल्हमेश्वरी के दर्शन को जा रही महिला की डंपर से कुचलकर मौत, भाई-भतीजी और मासूम बेटी बाल-बाल बचे

•हादसा इतना भयावह था कि महिला का सिर धड़ से अलग हुआ, ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां पाल्हमेश्वरी के दर्शन के लिए जा रही एक महिला की डंपर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का भाई, भतीजी और एक वर्षीय बेटी को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) पुत्री राजबली प्रजापति अपने भाई शकलदीप प्रजापति (30), 15 वर्षीय भतीजी प्रिया प्रजापति तथा एक वर्षीय पुत्री सान्वी के साथ मोटरसाइकिल से मां पाल्हमेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक पवनी कला गांव के पास पहुंची, पल्हना बाजार की ओर से मेहनगर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही निशा सड़क पर गिर गईं और डंपर के नीचे आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि उनका सिर धड़ से अलग हो गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे भाई शकलदीप, भतीजी प्रिया और मासूम सान्वी को हल्की चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। भाई शकलदीप और भतीजी प्रिया शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। परिजनों के अनुसार निशा तीन भाइयों और दो बहनों में थीं। उनकी शादी तीन वर्ष पहले मिर्जापुर निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी और वह करीब 20 दिन पहले मायके आई थीं।
हादसे की सूचना पर ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर का पीछा कर उसे पकड़ लिया और मेहनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा डंपर को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh