"एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान कार्यक्रम सम्पन्न
देवरिया ।वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत बुधवार को कौड़ियां मिश्र इंटर कॉलेज, सलेमपुर में वन विभाग की सलेमपुर रेंज द्वारा आम भंडारा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वन क्षेत्राधिकारी गौतम कुमार मौर्य के नेतृत्व में किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राम मनोहर शर्मा (प्रतिनिधि, ग्राम विकास मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम) एवं विशिष्ट अतिथि के.सी. चंद्रशेखर, उप प्रभागीय वनाधिकारी, देवरिया ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी लोगों से अपनी माता के नाम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि राम मनोहर शर्मा ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति संरक्षण और मातृ सम्मान का प्रतीक है। वहीं विशिष्ट अतिथि के.सी. चंद्रशेखर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
वन क्षेत्राधिकारी गौतम कुमार मौर्य ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत 1 से 7 जुलाई तक पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।



























































Leave a comment