Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कुपोषण के खिलाफ तीन माह चलेगा अभियान, सम्भव अभियान 6.0 का शुभारम्भ

• एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने दिलाई पोषण शपथ, हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

 सुलतानपुर। जिले में कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों को नई गति देते हुए बुधवार को सम्भव अभियान 6.0 का शुभारम्भ किया गया। सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने पोषण शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की और जागरूकता वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान जिले में एक जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक संचालित होगा।

कार्यक्रम में एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ माताओं और बच्चों पर टिकी होती है। कुपोषण केवल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या नहीं बल्कि समाज के विकास में भी बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता, बेहतर पोषण प्रबंधन और विभागीय समन्वय के जरिए इस चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भरत भूषण ने बताया कि अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर, प्रसव पूर्व जांच, प्रसव के बाद नियमित स्वास्थ्य देखभाल और जन्म के समय कम वजन वाले नवजात शिशुओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। साथ ही गंभीर कुपोषण से पीड़ित बच्चों की समय रहते पहचान कर उनके उपचार और उचित प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्ष 2021 से नवाचार के रूप में सम्भव अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत गंभीर कुपोषण से प्रभावित बच्चों के चिन्हांकन, उपचार, संदर्भन एवं सामुदायिक स्तर पर उनके प्रबंधन के साथ-साथ कुपोषण की रोकथाम के लिए जनव्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य-2 के अंतर्गत वर्ष 2030 तक कुपोषण की दर में कमी लाना है, जिससे शिशु एवं बाल मृत्यु दर में भी कमी लाई जा सके।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी दयाराम, फूल कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, ममता नायक, मुख्य सेविका मीना सिंह, सविता गुप्ता, नेहा यादव, उमेश तिवारी, डीसी पोषण अभियान अमरपाल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh