संचारी रोगों के उन्मूलन में जनभागीदारी जरूरी: अलका सिंह
•नगर पालिका अध्यक्ष व जिलाधिकारी ने किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
देवरिया ।विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने सीएमओ कार्यालय परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर एवं जागरूकता रैली को रवाना कर किया।
आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि संचारी रोगों के उन्मूलन के लिए जनभागीदारी बहुत ही जरूरी है। यदि लोग जागरूक रहें और मच्छरजनित परिस्थितियां उत्पन्न न करें, तो डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को फैलने से रोका जा सकता है। सरकार की सफल नीतियों के कारण ही जापानी इंसेफेलाइटिस और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) के मामलों में कमी आई है। सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग है तथा अन्य 12 विभाग इसमें सहयोग कर रहे हैं। 1 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 31 अप्रैल तक 'दस्तक' अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), फाइलेरिया, काला-जार, कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों तथा कुपोषित बच्चों की जानकारी एकत्र कर नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण 'ई-कवच' पोर्टल पर अपलोड करेंगी। साथ ही, क्षेत्रवार उन घरों की सूची भी तैयार की जाएगी, जहां मच्छरों का प्रजनन पाया गया है, और इसे निर्धारित प्रपत्र पर भरकर संबंधित अधिकारी को सौंपा जाएगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता माइक्रोप्लान के अनुसार कार्यक्षेत्र में आने वाले सभी परिवारों के सदस्यों का 'आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट' (आभा) सृजित करेंगे तथा उन्हें आभा नंबर की उपयोगिता की जानकारी देंगे।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ एसके सिन्हा, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र, डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी पाण्डेय, डॉ. आरपीयादव, जिला मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, ईओ नगर पालिका संजय तिवारी, सहायक कृषि रक्षा इकाई विकास कुमार, सहयोगी संस्था सीफार के प्रतिनिधि नीरज ओझा, रविजीत बहादुर सिंह, सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य सहभागी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



























































Leave a comment