यूपी ग्रीष्मावकाश खत्म: 16 जून से खुलेंगे बेसिक स्कूल, शिक्षा निदेशक ने जारी किए अहम निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद 16 जून 2026 से प्रदेश के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालय पुनः संचालित होंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने 15 जून 2026 को आदेश जारी करते हुए सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
पत्रांक बेशि0प0/16641-735/2026-27 के तहत जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यालयों का संचालन पूर्व में निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप किया जाएगा।
आदेश के प्रमुख निर्देश
1. विद्यालय खुलने से पहले कक्षा-कक्षों के कोने, फर्नीचर, आलमारियों के नीचे तथा पूरे परिसर की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
2. स्कूल खुलने के पहले दिन छात्र-छात्राओं का रोली-टीका लगाकर स्वागत किया जाए तथा उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया जाए, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा मिले।
3. पठन-पाठन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को भी विद्यालय खुलने की सूचना दी जाए।
4. किसी भी जर्जर भवन में कक्षाओं का संचालन न किया जाए तथा ऐसे भवनों पर बड़े अक्षरों में “निष्प्रयोज्य” अंकित किया जाए।
5. विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बिजली, मिड-डे मील तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
6. मिड-डे मील निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार कराया जाए। साथ ही प्रथम दिन विद्यार्थियों को मेन्यू के अतिरिक्त यथासंभव मीठा भोज्य पदार्थ भी उपलब्ध कराया जाए।
7. सभी छात्र-छात्राओं को समय पर पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि शिक्षण कार्य सुचारु रूप से प्रारंभ हो सके।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति समय निर्धारण के लिए अधिकृत होगी।
शिक्षा निदेशक ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से हो सके।






















































Leave a comment