Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पीड़ित ने तहसीलदार व निजी कर्मचारी पर धमकी व दबाव बनाने का आरोप लगाया -डीएम से जांच व FIR की मांग

देवरिया।जनपद के भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के लखनचक गांव निवासी उमेश यादव ने तहसीलदार और एक निजी कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में उमेश यादव ने बताया कि वे एक भूमि विवाद से संबंधित मामले में पक्षकार हैं। उनका आरोप है कि तहसील के एक निजी कर्मचारी अभिलाष मिश्रा ने 24 मई को उन्हें फोन कर तहसील बुलाया। अगले दिन तहसील पहुंचने पर उन्हें तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह के आवास पर ले जाया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां उनसे अपने अधिवक्ता को बदलने के लिए कहा गया और ऐसा करने पर मुकदमे का फैसला उनके पक्ष में कराने का आश्वासन दिया गया। जब उन्होंने अधिवक्ता बदलने से इनकार किया तो उन्हें व उनके वकील को फर्जी मुकदमों में फंसाने, डिफॉल्टर घोषित कराने तथा जेल भिजवाने की धमकी दी गई। साथ ही, सादे कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव भी बनाया गया।
उमेश यादव का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और कमरे का दरवाजा बंद करने का प्रयास किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर उन्होंने अपने सहयोगियों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने जिलाधिकारी से तहसील परिसर व आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार भाटपार रानी अभिजीत प्रताप सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh