राणा प्रताप पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेट का वायुसेना में चयन, महाविद्यालय में खुशी की लहर
सुलतानपुर। मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट प्रेमकांत तिवारी ने वायुसेना में सैनिक पद पर चयनित होकर क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्र की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
धम्मौर क्षेत्र के कचनावा गांव निवासी विजय तिवारी के पुत्र प्रेमकांत तिवारी वर्तमान में राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष के छात्र हैं। महाविद्यालय में अध्ययन के साथ-साथ उन्होंने एनसीसी प्रशिक्षण में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ‘सी सर्टिफिकेट’ प्राप्त हुआ, जो एनसीसी कैडेटों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।
एनसीसी समन्वयक असिस्टेंट प्रोफेसर लेफ्टिनेंट डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि प्रेमकांत ने कठिन चयन प्रक्रिया को सफलता पूर्वक पार करते हुए वायुसेना सैनिक के रूप में स्थान प्राप्त किया है। अंतिम चयन सूची में उनकी ऑल इंडिया रैंक 70 रही, जो उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रेमकांत शुरू से ही अनुशासित, परिश्रमी और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। एनसीसी गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी और नियमित अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रेमकांत की सफलता पर क्षत्रिय शिक्षा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजय सिंह, प्रबंधक एडवोकेट बालचंद्र सिंह, प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी, असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह ‘रवि’ तथा एनसीसी प्रशिक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह समेत महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
महाविद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना यह साबित करता है कि यदि छात्र लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। प्रेमकांत की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी सेना और राष्ट्रसेवा के प्रति नया उत्साह पैदा होगा।
























































Leave a comment