Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रास्ता न देने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़, संवाददाता। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम चौकिया में रास्ता न देने के विवाद में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास खून से लथपथ और अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 7 जून की रात करीब आठ बजे चौकिया निवासी सुशीला देवी का पुत्र घर से घूमने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन 8 जून की सुबह करीब छह बजे वह गांव के बाहर ट्यूबवेल के समीप खड़ंजा मार्ग के किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे।

घटना की सूचना पर परिजनों ने युवक को उपचार के लिए भेजा और सुशीला देवी की तहरीर पर पवई थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 142/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में हर्ष सिंह (19) निवासी लारपुर गौहर थाना पवई, ओम सिंह (20) निवासी अर्गूपुर कला थाना शाहगंज जनपद जौनपुर तथा सक्षम सिंह (20) निवासी छबवा थाना शाहगंज जनपद जौनपुर की संलिप्तता के साक्ष्य मिले।

इसके बाद 15 जून की सुबह निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बागबहार पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रास्ता न देने को लेकर हुए विवाद में मारपीट की बात सामने आई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh