आजमगढ़ में इंस्टाग्राम पर "गैंगेस्टर प्रभात 50" चलाने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों को दी थी धमकी
आजमगढ़। जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत थाना फूलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम पर "गैंगेस्टर प्रभात 50" नाम से गैंग संचालित करने वाले तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये युवक राह चलते लोगों को रोककर धमकाते थे और जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करते थे।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को वादी अशफाक अहमद निवासी नेवादा ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र मो. सैफ अपने दोस्तों मो. अरहान और मो. इस्माईल के साथ थाना अहरौला क्षेत्र के मकदूमपुर से क्रिकेट मैच खेलकर देर रात करीब 1 बजे घर लौट रहा था। रास्ते में दुर्वाषा धाम के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि आरोपियों ने नाम-पता पूछने के बाद गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और तीनों को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान मो. सैफ मौके से किसी तरह भाग निकला, जबकि उसके दोनों दोस्तों को आरोपी अपने साथ ले गए।
घटना के बाद सक्रिय हुई थाना फूलपुर पुलिस ने 16 जून 2026 को तड़के करीब 3:55 बजे वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह गौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ प्रभात राय के घर के बाहर स्थित कुएं के पास छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1. प्रभात राय पुत्र मुकेश चन्द्र राय, निवासी धर्मदासपुर, उम्र 29 वर्ष (गैंग का सरगना)
2. रिशु पुत्र खुन्नू सोनकर, निवासी खुटौली, उम्र 18 वर्ष
3. विजय पुत्र सतई सोनकर, निवासी खुटौली, उम्र 19 वर्ष
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में संचालित "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई और आपराधिक गतिविधियों का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।





















































Leave a comment