टीजीटी परीक्षा के विभिन्न केंद्रों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में आयोजित टीजीटी परीक्षा के प्रथम सत्र के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैधानिक गतिविधि किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने एस.एस.बी.एल. इंटर कॉलेज, दीना नाथ पांडेय राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज एवं महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराएं।























































Leave a comment