स्कूल चलो अभियान के तहत घोसी से मझवारा तक निकली 15 किमी लंबी बाइक रैली
घोसी।मऊ। जुनियर हाइस्कूल घोसी के प्रांगण से स्कूल चलो अभियान के तहत मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र घोसी से प्राथमिक विद्यालय मझवारा तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों की संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं, एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) एवं शिक्षक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। शिक्षा क्षेत्र घोसी में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत पहली बार इतनी लंबी दूरी तक बाइक रैली निकाले जाने को लेकर शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली में शामिल शिक्षकों ने रास्ते में पड़ने वाले चट्टी, चौराहों पर लोगों को जागरूक करने के साथ अपने बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में नामांकन की बात कही।
जिलाबेसिक शिक्षाअधिकारी संतोष उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, नए नामांकन को बढ़ावा देना तथा शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शिक्षक, अभिभावक एवं समाज को मिलकर प्रयास करना होगा।
कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन विकसित भारत की मजबूत नींव हैं तथा शिक्षक इस परिवर्तन के सबसे महत्वपूर्ण वाहक हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपने क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक पहुंच बनाने और उन्हें विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया।
रैली के दौरान शिक्षकों ने गांवों और बाजारों में लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया तथा अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। विभिन्न विद्यालयों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं बच्चों द्वारा जगह-जगह रैली का स्वागत किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया।
स्कूल चलो अभियान के साथ-साथ रैली के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। स्वच्छता अपनाने, संचारी रोगों से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
रैली का समापन प्राथमिक विद्यालय मझवारा में हुआ, जहां विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती नीता राय ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके उपरांत आयोजित सभा में स्कूल चलो अभियान, शत-प्रतिशत नामांकन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संचारी रोग नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई।
खंडशिक्षाअधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक का प्रयास किसी बच्चे के भविष्य को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने स्कूल चलो अभियान को जनआंदोलन बनाने, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर बल दिया।
उन्होंने रैली में शामिल सभी शिक्षकों, एआरपी एवं शिक्षक प्रतिनिधियों के उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की प्रतिबद्धता ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर शिक्षक प्रतिनिधि राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त डा रामबिलासभारती, रूपेश पाण्डेय,राज्यपुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रदीपकुमारवर्मा, रोहितयादव, राम सिंह, रिजवानअहमद, सुदर्शनकुमार, दयाशंकरयादव, राजेशकुमारसिंह, सैयद आफाकहुसैन, भूपेंद्रदीक्षित,विवेक कुमार सिंह, रेनू पांडेय, पूजा पांडेय, तेजभान सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।






















































Leave a comment