IAS अधिकारी बनकर की शादी! फर्जी पहचान का खुलासा, पति ने दर्ज कराया मुकदमा
लखनऊ/बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक महिला पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी बताकर शादी करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पीड़ित पति के अनुसार, उसकी महिला से फेसबुक के माध्यम से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में विवाह कर लिया गया। विवाह के कुछ समय बाद उसे महिला की पहचान पर संदेह हुआ। जांच करने पर कथित तौर पर पता चला कि महिला IAS अधिकारी नहीं है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सच्चाई सामने आने पर महिला ने पति से लगभग 40 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






















































Leave a comment