श्रेष्ठायोजना ने ग्रामीणप्रतिभाओं को दी नई उड़ान -धर्मेन्द्र कुमार
घोसी।मऊ। पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली, विकास खंड घोसी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार की श्रेष्ठा (SHRESHTA) योजना के अंतर्गत विद्यालय के छात्र सत्यम तथा पूर्व छात्र शिवम का चयन वाराणसी के प्रतिष्ठित डॉ.ए.एल इशरत मेमोरियल सनविम स्कूल में अध्ययन हेतु हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय में प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती के नेतृत्व में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार तथा अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम ने चयनित विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न एवं उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि श्रेष्ठा योजना प्रतिभाशाली एवं वंचित विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का द्वार है। उन्होंने सत्यम और शिवम की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, लक्ष्य और सतत परिश्रम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। श्रेष्ठा योजना ने ग्रामीण प्रतिभाओं को दी नई उड़ान भर रही है। शिवचंद राम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएँ अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। ऐसे सम्मान समारोह अन्य विद्यार्थियों में भी उत्कृष्टता की प्रेरणा जगाते हैं।
स्वागत भाषण में गोल्ड मेडलिस्ट एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त व प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने कहा कि श्रेष्ठा योजना सामाजिक एवं शैक्षिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर परिश्रम से हर विद्यार्थी अपनी पहचान बना सकता है। विशिष्ट अतिथि उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता सौम्या चतुर्वेदी ने कहा कि यह सम्मान केवल दो विद्यार्थियों का नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं के सपनों और संभावनाओं का सम्मान है। वहीं सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रमापति भास्कर ने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तेजभान ने किया। इस अवसर पर एस.एम.सी. अध्यक्ष बदामी, कन्हैया, नीलम, लोकतंत्र सेनानी रामअवध राव, रामभवन प्रसाद, रामजनम सागर, पूजा, राजेश यादव, नीरज सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
























































Leave a comment