उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव-2026 सम्पन्न, एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
लखनऊ, 17 जुलाई 2026।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार को लखनऊ के होटल रेनेसां में ASSOCHAM-India और Invest UP के संयुक्त तत्वावधान में "उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव-2026 : विज़न, नीति और क्रियान्वयन" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह, युवा कल्याण एवं खेल विभाग के विशेष सचिव कुमार विनीत, ASSOCHAM-India के उत्तर प्रदेश स्टेट डेवलपमेंट काउंसिल के सह-अध्यक्ष विनीत नाहटा, अशोक लेलैंड के वाइस प्रेसिडेंट शक्ति सिंह तथा रैडिको खेतान लिमिटेड के डायरेक्टर अमर सिंह मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मजबूत बुनियादी ढांचा, बेहतर कानून व्यवस्था और निवेश-अनुकूल नीतियों ने उत्तर प्रदेश को उद्योगों के लिए सबसे आकर्षक राज्यों में शामिल कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति, 80 से अधिक मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार निवेशकों का भरोसा बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है, जिससे उद्योग जगत का विश्वास मजबूत हुआ है। बड़ी संख्या में हुए एमओयू अब धरातल पर वास्तविक परियोजनाओं में बदल रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश रक्षा एवं ड्रोन विनिर्माण क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य अब राजस्व अधिशेष (Revenue Surplus) की स्थिति में पहुंच चुका है।
उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश कृषि और एमएसएमई क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। एमएसएमई क्षेत्र 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा है तथा प्रदेश के कुल औद्योगिक उत्पादन में लगभग 60 प्रतिशत योगदान इसी क्षेत्र का है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के साथ एमएसएमई के एकीकरण और हरित औद्योगिक प्रथाओं को समय की आवश्यकता बताया।
विशेष सचिव कुमार विनीत ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल नियामक नहीं बल्कि उद्योगों को शीघ्र उत्पादन तक पहुंचाने वाली एक सक्षम सहयोगी की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि "UP का अर्थ है Unlimited Possibilities (असीम संभावनाएं)" और आर्थिक विकास के साथ बेहतर स्वास्थ्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।
अशोक लेलैंड के वाइस प्रेसिडेंट शक्ति सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी कंपनी का हालिया निवेश राज्य की मजबूत कानून व्यवस्था और प्रभावी औद्योगिक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कंपनी की पर्यावरण-अनुकूल पहलों, जैसे जीरो लिक्विड डिस्चार्ज और वर्षा जल संचयन, की जानकारी भी दी।
रैडिको खेतान लिमिटेड के डायरेक्टर अमर सिंह ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच मजबूत साझेदारी ही "विकसित उत्तर प्रदेश" के लक्ष्य को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।





















































Leave a comment