Crime News / आपराधिक ख़बरे

दादा-पोते हत्याकांड के बाद पवई में फिर सनसनी, महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

पवई (आजमगढ़)। पवई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए चर्चित दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि गुरुवार देर रात एक और सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। कस्बे की एक महिला पर घर के भीतर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गावती (48 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद, गुरुवार रात लगभग 10 बजे अपने घर में अकेली थीं। उन्होंने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर किसी तरह घर के भीतर पहुंच गया और महिला की गर्दन व हाथ पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

 

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण अंदर नहीं जा सके। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। दूसरी मंजिल पर दुर्गावती गंभीर अवस्था में खून से लथपथ मिलीं।

 

पुलिस उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पवई ले गई, लेकिन चिकित्सक उपलब्ध न होने पर परिजन उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

पीड़िता के भाई बृजेश कुमार, निवासी ग्राम गुमकोठी, थाना अहरौला, ने पवई थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पवई कस्बा निवासी सुजीत मौर्या ने उनकी बहन पर हमला किया और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) एवं थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।

 

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से पवई क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। दादा-पोते के चर्चित दोहरे हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh