Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान' शिविर में लाभार्थियों को वितरित हुए स्वीकृति प्रमाण-पत्र

देवरिया ।जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कल्याण सेक्टर (जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला समाज कल्याण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण, जिला प्रोबेशन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग) जनपद देवरिया द्वारा संयुक्त रूप से जनपद की समस्त तहसीलों में "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" की मूल भावना के साथ कल्याणकारी शिविर के माध्यम से विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं चयनित लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित कराए जाने हेतु विभिन्न तिथियों पर तहसील परिसर में शिविर आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त के क्रम में तहसील भाटपाररानी सभागार में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विधानसभा क्षेत्र भाटपाररानी के विधायक सभाकुंवर कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। विधायक का जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी भाटपाररानी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

        तत्पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विधायक के माध्यम से उपस्थित 10 दिव्यांग लाभार्थियों को कान की मशीन एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसी क्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान योजना के अंतर्गत 4 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र तथा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 30 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा 10 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

           इसके उपरांत भाटपाररानी विधायक ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गरीब, पिछड़े, मजलूम एवं बेसहारा व्यक्तियों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी तथा कल्याण सेक्टर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे सरकार की योजनाओं को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

        कार्यक्रम के अंत में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का पुनः अभिनंदन करते हुए उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा शिविर का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh