Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: देवगांव CHC में लापरवाही पर CMO सख्त, 2 डॉक्टर समेत 3 कर्मचारियों का वेतन रोका; स्पष्टीकरण तलब

आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. एन.आर. वर्मा ने बुधवार को जनपद के दो प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवगांव में लापरवाही मिलने पर उन्होंने दो चिकित्सकों समेत तीन कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।

CMO ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस, डॉ. राजेश कुमार तथा कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर CMO ने तीनों का वेतन तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश तक रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट कहा कि यदि संबंधित कर्मचारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। हालांकि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई।

इसके बाद CMO ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का निरीक्षण किया। यहां मरीजों की अधिक संख्या के कारण पंजीकरण काउंटर पर भीड़ देखी गई। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

लालगंज अस्पताल में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। CMO ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति अनिवार्य है तथा लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित एवं औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh