Latest News / ताज़ातरीन खबरें

ड्यूटी पर हादसे की शिकार हुईं आशा कार्यकत्री गीता देवी, CMO ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल; उपचार और बीमा सहायता का दिया भरोसा

आजमगढ़। पल्स पोलियो अभियान के दौरान ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुईं आशा कार्यकत्री गीता देवी का हाल जानने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. एन. आर. वर्मा मंगलवार को शहर के लक्षिरामपुर स्थित विजय सुपर स्पेशियलिटी सेंटर पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

 

जानकारी के अनुसार, विगत दिवस गीता देवी पल्स पोलियो अभियान की ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पैर में इतनी गंभीर चोट आई कि चिकित्सकों को उनकी जान बचाने के लिए घुटने के नीचे से एक पैर काटना पड़ा। वर्तमान में उनका इलाज विजय सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में डॉ. आर. बी. त्रिपाठी की देखरेख में चल रहा है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही सीएचसी अजमतगढ़ के अधीक्षक डॉ. संजय यादव ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक ऑपरेशन के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें विजय सुपर स्पेशियलिटी सेंटर रेफर किया गया।

 

CMO डॉ. एन. आर. वर्मा के साथ एडिशनल CMO डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. संजय यादव और DCPM विपिन बिहारी पाठक भी अस्पताल पहुंचे और गीता देवी के परिजनों से मुलाकात की।

 

CMO ने कहा कि गीता देवी विभागीय दायित्व निभाते हुए हादसे का शिकार हुई हैं, इसलिए स्वास्थ्य विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके उपचार और भविष्य की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेस उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने बताया कि गीता देवी प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी आच्छादित हैं। उनके खाते से प्रतिवर्ष 20 रुपये का प्रीमियम कटता है। स्थायी दिव्यांगता के मद्देनजर उन्हें 1 लाख रुपये की बीमा सहायता दिलाने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दी गई है। इसके अलावा आशा कार्यकत्रियों के लिए उपलब्ध अन्य सहायता योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।

 

CMO ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों ने अब तक लगभग 20 हजार रुपये की सहयोग राशि एकत्र की है तथा डिजिटल माध्यम से अन्य आशा कार्यकत्रियों से भी सहयोग लिया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा, "आशा कार्यकत्रियां स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनके उपचार और भविष्य की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।"


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh