ग्राम पंचायत विकास योजना का एकदिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न।
देवरिया। विकास खण्ड देवरिया सदर के ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में देवरिया सदर, बैतालपुर एवं भलुअनी विकासखंड के ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपी डीपी) तैयार करने की बारीकियों से अवगत कराना था।प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पन्नालाल यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए बीडीओ पन्नालाल यादव ने कहा, "ग्राम पंचायत की कार्ययोजना केवल एक औपचारिकता नहीं है। यह गाँव के चहुंमुखी विकास की दिशा तय करने वाला सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसलिए इसे पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ तैयार किया जाना चाहिए।
डीपीआरसी के सहप्रबंधक ब्रजेश नाथ तिवारी ने पंचायत सहायकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर बल दिया।
उन्होंने डिजिटल माध्यम से कार्यों की मॉनिटरिंग, जन जागरूकता अभियान चलाने तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक तकनीकी जानकारियां साझा की।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत देवरिया सदर विंध्याचल सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर कमलेश कुमार एवं सुरेश कुमार ने योजना निर्माण के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकास योजना तैयार करते समय शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने सचिवों और पंचायत सहायकों को निर्देशित किया कि ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों से सीधे सुझाव प्राप्त करें और उनकी वास्तविक प्राथमिकताओं के आधार पर ही कार्ययोजना तैयार करें।
प्रशिक्षक आनंद मणि ने ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को पोर्टल पर टेक्निकल रूप से कार्ययोजना फीड करने की पूरी प्रक्रिया को लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन के जरिए समझाया, ताकि भविष्य में फीडिंग के दौरान कोई त्रुटि न हो।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य रूप से अन वारुल सिद्धकी, अजय दूबे, हरिपाल यादव, विनय पाण्डेय, सुनील विश्वकर्मा, राजीव शंकर मिश्र, प्रमिल पाण्डेय सहित ग्राम पंचायत सचिव और पंचायत सहायक मौजूद रहे।






















































Leave a comment