लोकमान्य तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर राष्ट्रभक्ति का संदेश, छात्रों को सेना भर्ती की दी गई जानकारी
•रानी महेंद्र कुमारी सरदार वल्लभभाई इंटर कॉलेज दियरा में समारोह, अयोध्या से पहुंचे सैन्य अधिकारियों ने युवाओं को भारतीय सेना में करियर के लिए किया प्रेरित
कादीपुर (सुलतानपुर)।रानी महेंद्र कुमारी सरदार वल्लभभाई इंटर कॉलेज, दियरा में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महानायकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में अयोध्या से पहुंचे भारतीय सेना के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सेना में भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा और भविष्य की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने युवाओं से अनुशासन, राष्ट्रसेवा और शारीरिक फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हवलदार सिंह ने कहा कि देश के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए समय रहते सही मार्गदर्शन मिलना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ भारतीय सेना में करियर बनाने की प्रेरणा भी जगाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकमान्य तिलक और चंद्रशेखर आजाद का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्र समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
सैन्य अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में समय-समय पर सेना भर्ती से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सही जानकारी मिल सके और वे अधिक संख्या में भारतीय सेना का हिस्सा बनकर राष्ट्रसेवा कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी दोनों महान विभूतियों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य हवलदार सिंह ने अयोध्या से आए सैन्य अधिकारियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विद्यालय परिवार की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर निखिल श्रीवास्तव, अमरेन्द्र यादव, रविन्द्र सिंह, जयराज पाण्डेय, दिग्विजय सिंह यादव, विजय मिश्र, अरविंद सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।


























































Leave a comment