नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर घोसी चीनी मिल परिसर में लगेंगी 10 सोलर स्ट्रीट लाइटें*कार्य शुरू
घोसी।मऊ। घोसी स्थित किसान सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण एवं पुनः संचालन की तैयारियों के बीच परिसर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर घोसी चीनी मिल परिसर में 10 सोलर स्ट्रीट लाइट संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। इससे परिसर में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी और किसानों, कर्मचारियों तथा आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
घोसी चीनी मिल के निरीक्षण के दौरान मिल के डायरेक्टर रामाश्रय रायएवं अन्य लोगों ने मंत्री ए.के. शर्मा से मिल परिसर में सोलर स्ट्रीट लाइट के साथ सड़क को ठीक करने मांग की थी। उन्होंने मंत्री को अवगत कराया था कि मिल के पुनः संचालन की तैयारियों के साथ-साथ परिसर में बुनियादी सुविधाओं का विकास भी आवश्यक है। मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मंत्री एके शर्मा के निर्देश के क्रम में मंगलवार को बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के अंतर्गत चीनी मिल परिसर में 10 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया। सोलर ऊर्जा आधारित इन लाइटों के लगने से परिसर में बिजली की निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरण अनुकूल प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
घोसी चीनी मिल के डायरेक्टर रामाश्रय राय ने कहा कि घोसी चीनी मिल क्षेत्र के किसानों की भावनाओं से जुड़ी हुई है। मिल के पुनः संचालन के साथ-साथ परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विकास भी हमारी प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान हमने माननीय मंत्री ए.के. शर्मा जी से सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का अनुरोध किया था जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई कराई। इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। सोलर लाइट लगने से परिसर में सुरक्षा और सुविधाएं दोनों बढ़ेंगी तथा आने वाले समय में मिल को एक नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर रुद्र शाही, शिवाकांत मिश्रा, जमानत अब्बास, रंगनाथ राय, कैलाश गुप्ता,अभय शाही सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





















































Leave a comment