आजमगढ़: फर्जी आधार से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम निकालने वाला आरोपी गिरफ्तार, साइबर सेल व महाराजगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आजमगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महाराजगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम निकालने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम और यूपीआई के माध्यम से नकद निकालने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, थाना महाराजगंज पर दर्ज मु.अ.सं. 176/2026 में धारा 317(2), 318(4), 336(3), 340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C के तहत जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड तैयार कर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को मंगाने के लिए किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम खातों में आने के बाद उसे एटीएम और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से यूपीआई का इस्तेमाल कर नकद निकाला जाता था। इस मामले में विकास यादव सहित चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जुलाई 2026 की रात्रि 12:10 बजे थाना प्रभारी जयप्रकाश के नेतृत्व में महाराजगंज पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बजरंग चौक, कस्बा महाराजगंज से वांछित आरोपी विकास यादव पुत्र राकेश यादव, निवासी ग्राम उसुरकुढ़वा, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़, उम्र 22 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।






















































Leave a comment