सगड़ी के नए एसडीएम का सख्त संदेश, भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
सगड़ी/आजमगढ़।सगड़ी तहसील के नवागत उप जिलाधिकारी (एसडीएम) संजीव कुमार राय ने शनिवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि सगड़ी तहसील का बड़ा हिस्सा प्रतिवर्ष सरयू (घाघरा) नदी की बाढ़ से प्रभावित होता है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा प्रशासन की पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने सभी बाढ़ चौकियों को तत्काल सक्रिय करने तथा कर्मचारियों की 24 घंटे शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
भूमि विवादों और पैमाइश से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा, जिससे फरियादियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। एसडीएम संजीव कुमार राय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील प्रशासन में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।























































Leave a comment