Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रसूता मौत मामले में हॉस्पिटल संचालक गिरफ्तार

 आजमगढ़-बिलरियागंज।  बिलरियागंज पुलिस ने प्रसूता कौशिल्या की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेश हॉस्पिटल से जुड़े नामजद अभियुक्त राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, शाह डीह निवासी रामसिंह साहनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू कौशिल्या को 12 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर राजेश हॉस्पिटल, बिलरियागंज में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ती गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने समुचित इलाज नहीं किया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में गंभीर हालत बताकर उसे दूसरे अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पहले ही मौत हो जाने की पुष्टि कर दी। तहरीर में अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालन का भी आरोप लगाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 188/26 के तहत धारा 105 बीएनएस तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महराजगंज रोड स्थित राजेश मेडिकल स्टोर से अभियुक्त राजेश गुप्ता (54 वर्ष) निवासी राहुल नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने पुलिस को कोई बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि वह अपना पक्ष न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से रखेगा।
इस गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, आरक्षी समरपाल यादव, प्रभाकर पटेल तथा महिला आरक्षी कोमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh