आजमगढ़: झगड़े में बीच-बचाव करना युवक को पड़ा भारी, लाठी-चाकू से हमला; मेहनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को महंगा पड़ गया। झगड़ा शांत कराकर लौट रहे युवक पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में मेहनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को नन्हकू चौहान, निवासी ग्राम जाफरपुर, ने मेहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि ग्राम भदसारी निवासी अनिल सरोज और रामबिन्द के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनके पुत्र रन्नू चौहान ने बीच-बचाव करते हुए रामबिन्द को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया।
तहरीर के मुताबिक, जब रन्नू चौहान वापस लौट रहा था, तभी जाफरपुर-भदसारी मोड़ के पास अनिल सरोज, पंकज सरोज और गोविन्द सरोज ने उसे रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने जान से मारने की नीयत से उस पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में रन्नू के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके कारण उसे पांच टांके लगाने पड़े।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 20 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक शिवनारायण मौर्य ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर दोपहर 12:05 बजे जाफरपुर क्षेत्र से अनिल सरोज पुत्र ललसू सरोज, निवासी ग्राम भदसारी, थाना मेहनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।






















































Leave a comment