पैतृक संपत्ति विवाद में दादा-पोते के हत्यारोपी ₹50 हजार का इनामी संतोष यादव पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
🟥 पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति के विवाद में अपने दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या करने वाले ₹50 हजार के इनामी आरोपी संतोष यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार 9/10 जुलाई 2026 की रात ग्राम हेवती में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर संतोष यादव पुत्र स्वर्गीय सूर्यलाल उर्फ सनातन दास निवासी ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद तथा चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की धारदार कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस संबंध में थाना पवई में मुकदमा संख्या 172/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था।
मंगलवार 21 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष मनीष पाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ के पास आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पैतृक संपत्ति के विवाद को हत्या का कारण बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, बाइक संख्या UP45W7734 तथा ₹600 नकद बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना पवई में मुकदमा संख्या 180/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में एक और मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















































Leave a comment