मुबारकपुर थाने के तीन आरक्षी बने उपनिरीक्षक, ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर हासिल की बड़ी सफलता
🟥 एसआई भर्ती परीक्षा-2026 में चयनित होकर बढ़ाया आजमगढ़ पुलिस का मान, थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2026 में थाना मुबारकपुर पर तैनात तीन आरक्षियों ने सफलता प्राप्त कर जनपद आजमगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। नियमित पुलिस ड्यूटी के साथ कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर उपनिरीक्षक पद पर चयनित होकर तीनों आरक्षियों ने विभाग के अन्य जवानों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को थाना मुबारकपुर में नियुक्त हुए इन आरक्षियों ने अपने दैनिक पुलिस दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए एसआई भर्ती परीक्षा-2026 की तैयारी जारी रखी। कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि तीनों ने परीक्षा में सफलता हासिल कर उपनिरीक्षक पद पर चयन प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर थाना मुबारकपुर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी ने तीनों चयनित आरक्षियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी ने कहा कि पुलिस सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए उपनिरीक्षक जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है। यह सफलता विभाग के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों चयनित आरक्षी नई जिम्मेदारी के साथ विभाग एवं समाज की सेवा पूरी निष्ठा और समर्पण से करेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान थाना मुबारकपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तीनों सफल आरक्षियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
🟥 उपनिरीक्षक पद पर चयनित आरक्षी
• आरक्षी अखिलेश कुमार तिवारी
पिता – विजय कुमार तिवारी
निवासी – ग्राम देवगढ़ कमासिन, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़।
• आरक्षी सूरज यादव
पिता – राजेन्द्र प्रसाद यादव
निवासी – ग्राम जोगीपुर, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़।
• आरक्षी दीपक सिंह
पिता – शैलेन्द्र सिंह
निवासी – ग्राम पगार मठिया बरबात, जनपद कुशीनगर।
जनपद आजमगढ़ पुलिस ने तीनों चयनित आरक्षियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





















































Leave a comment