14 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रौनापार पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आजमगढ़। थाना रौनापार क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने 19 जुलाई 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के मुताबिक, मृतका के पिता, निवासी थाना बड़हलगंज (जनपद गोरखपुर), की तहरीर पर थाना रौनापार में मु0अ0सं0 207/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लगभग चार माह पूर्व आरोपी लक्की राना किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और आरोपी ने बालिका के बालिग होने पर विवाह करने का आश्वासन दिया था।
तहरीर के अनुसार, इसके बाद आरोपी लक्की राना सहित उसके परिजनों द्वारा किशोरी को लगातार प्रताड़ित किया गया और अपमानजनक बातें कही गईं। इसी मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर किशोरी ने 19 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रौनापार पुलिस ने मंगलवार (21 जुलाई) को मुखबिर की सूचना पर कल्याणपुर पुलिया के पास से लक्की राना (19 वर्ष) निवासी बेलकुण्डा रसूलपुर को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस मामले के अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




















































Leave a comment