Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में किसान सभा ने प्रदर्शन कर, उपजिलाधिकारी को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

देवरिया ।दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में रविवार को अखिल भारतीय किसान सभा एवं अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी सलेमपुर को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष कामरेड सतीश कुमार ने कहा कि जंतर-मंतर पर पिछले 22 दिनों से छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर संवाद करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिससे युवाओं में आक्रोश बढ़ रहा है।
किसान सभा के जिला मंत्री प्रेमचंद यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही एनटीए को भंग करने, नई शिक्षा नीति वापस लेने और पेपर लीक की घटनाओं की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के राज्य कमेटी सदस्य कामरेड बलविंदर मौर्य ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के बंद होने से गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के निजीकरण और सरकारी स्कूलों के बंद होने से समाज के कमजोर वर्गों के बच्चों का भविष्य संकट में पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी सलेमपुर को सौंपते हुए छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान गंगा देवी, संजय कुमार गोंड, शिवशंकर यादव, मंटू यादव, सुरेश राजभर, अच्युतानंद तिवारी, बलवीर यादव, सोनू शर्मा, सरफराज अहमद, सुरेश प्रसाद, मनीष यादव, सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान सभा एवं खेमू के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh