किसान दिवस में सीडीओ सख्त, लापरवाह अधिकारियों का वेतन रोका, कई विभागों पर कार्रवाई ।
देवरिया ।मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराई जाए। किसान दिवस में अनुपस्थित मंडी सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग, लघु सिंचाई तथा सहकारिता विभाग सहित अन्य अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन बाधित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। सभी विभाग अपने कार्यों की अद्यतन जानकारी इन ग्रुपों पर साझा करें, ताकि किसानों तक सूचनाएं समय से पहुंच सकें। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कहीं निराश्रित (आवारा) पशु दिखाई दें तो उस स्थान की गूगल लोकेशन एवं फोटो साझा करें, जिससे तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के उप कृषि निदेशक ने गत माह आयोजित किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई से किसानों को अवगत कराया तथा सभी विभागों से समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा के दौरान बैरौना स्थित मौर्या खाद एवं बीज भंडार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने तथा उपलब्ध खाद किसानों को न देने की शिकायत पर एक माह बाद भी कार्रवाई न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अपर जिला कृषि अधिकारी अंबरीश मिश्रा को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मझवलिया समिति में खाद एवं बीज गोदाम के स्थान पर गिट्टी, बालू एवं सीमेंट रखे जाने की शिकायत पर घोर नाराजगी व्यक्त करते हुए सहायक निबंधक सहकारी समितियां का 15 जुलाई का वेतन बाधित करने तथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग द्वारा प्रस्तुत अनुपालन आख्या संतोषजनक न पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं (विद्युत) को स्पष्ट एवं समयबद्ध अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पिछले डेढ़ माह से गलाघोंटू रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक 2.17 लाख पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इस पर किसानों ने कई क्षेत्रों में टीकाकरण न होने की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों से टीकाकरण का रैंडम सत्यापन कराने के निर्देश दिए। देवरिया खास निवासी संजीव कुमार सिंह द्वारा पशु बीमा योजना की जानकारी मांगे जाने पर बताया गया कि लगभग 15 दिनों के भीतर योजना प्रारंभ कर दी जाएगी।
नहर विभाग की समीक्षा में अधिशासी अभियंता ने बताया कि वर्तमान में ऊपर से नहरों में पानी बंद है, लेकिन एक-दो दिनों के भीतर पानी छोड़े जाने की संभावना है
बैठक में उप कृषि निदेशक, अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी, प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता (नहर), भूमि संरक्षण अधिकारी, प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता (विद्युत), सहायक अभियंता (नलकूप), प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य), जिला समन्वयक (फसल बीमा) सहित भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप शाही, कौशलेश नाथ मिश्र, इं. अतुल मिश्रा, रमेश मिश्रा, मनोज पांडेय, कुंवर राणा सिंह, सत्याग्रहण सरोज, प्रगतिशील किसान एवं अन्य कृषक उपस्थित रहे।



























































Leave a comment