गोठा मुरादपुर हॉल्ट बदहाली का शिकार, बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को हो रही भारी परेशानी
घोसी।दोहरीघाट। क्षेत्र के मुरादपुर गोठा स्थित रेलवे हॉल्ट बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बदहाली का सामना कर रहा है। यहां आने-जाने वाले यात्रियों को टूटे फर्श, अंधेरे और पेयजल संकट जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
हॉल्ट परिसर का फर्श पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर आवागमन में भारी परेशानी होती है। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। यात्रियों ने हॉल्ट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की भी मांग की है।
यात्रियों के अनुसार, हॉल्ट पर पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। यहां लगा हैंडपंप या तो खराब रहता है या उससे पर्याप्त पानी नहीं मिलता, जिससे यात्रियों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है।
मुरादपुर गोठा हॉल्ट के एजेंट राम अवध राय ने बताया किय उन्होंने इस संबंध में कई बार रेलवे अधिकारियों को सूचित किया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि दोहरीघाट, अमिला, घोसी और कोपागंज जैसे अन्य रेलवे स्टेशनों पर बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि मुरादपुर गोठा हॉल्ट इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
स्थानीय समाजसेवी रोशन राय, अरुण राय ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि हॉल्ट के टूटे फर्श की तत्काल मरम्मत कराई जाए, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और स्वच्छ पेयजल के लिए नया हैंडपंप या वाटर कूलर स्थापित किया जाए।
वहीं क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो वे रेलवे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। यात्रियों ने भी रेलवे के उच्च अधिकारियों से मुरादपुर गोठा हॉल्ट की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।



























































Leave a comment