आजमगढ़: घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, पवई पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार
आजमगढ़। पवई थाना पुलिस ने किशोरी से छेड़छाड़ एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को थाना पवई में पीड़िता पक्ष की ओर से तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी रात के समय घर में घुस आया और पीड़िता के साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 2 जून 2026 को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में नामजद आरोपी बागबहार नहर पुलिया चौराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को सुबह करीब 6:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन पुत्र रत्तीलाल, निवासी ग्राम कोहड़ा, थाना पवई, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की तथा नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।





















































Leave a comment