पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक ने डीसीएम में मारी टक्कर, मासूम समेत दो की मौत, नौ घायल
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमजेयपुर गांव के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही डीसीएम (मिनी ट्रक) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र के सलारगंज मोहल्ले के रहने वाले कई मजदूर परिवार बिहार के छपरा स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। मानसून के आगमन से पहले भट्ठा बंद होने के कारण सभी मजदूर सोमवार रात एक किराए की डीसीएम से अपने घर बहराइच लौट रहे थे। वाहन में मजदूरों के साथ दस खच्चर भी लदे हुए थे।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 219 किलोमीटर पर बसही जरमजेयपुर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। डीसीएम चालक वाहन के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। यूपीडा कर्मियों ने कटर की सहायता से वाहन का क्षतिग्रस्त हिस्सा काटकर चालक को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चालक और छह वर्षीय मासूम इरम को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल जरीना और गोसया की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक मृत चालक की पहचान नहीं हो सकी थी।
उधर, एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के जिला अस्पताल पहुंचने से इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पर्याप्त बेड उपलब्ध न होने के कारण कुछ मरीजों का एक ही बेड पर उपचार करना पड़ा। इससे अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे।
सूचना मिलने पर एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया सहित अन्य चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।





















































Leave a comment