Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जौनपुर: तहसील मड़ियाहूं पहुंचे डीएम, किया औचक निरीक्षण; आमजन को बेहतर सेवाएं देने के दिए निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को तहसील मड़ियाहूं का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालयों, रिकॉर्ड रूम, आपूर्ति कार्यालय समेत अन्य विभागीय शाखाओं का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा तथा प्रत्येक प्रकरण का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के रखरखाव की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील आने वाले फरियादियों और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को पारदर्शी, जवाबदेह और त्वरित प्रशासन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

डीएम के औचक निरीक्षण से तहसील प्रशासन में हलचल रही और अधिकारियों-कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh