उत्तर प्रदेश: फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने की घोषणा, CM योगी बोले- भगवान महावीर के नाम से मिलेगी पहचान
लखनऊ/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कुशीनगर जिले के फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र को अब फाजिलनगर नहीं, बल्कि पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा और सरकार इसे इसी नाम से मान्यता देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह क्षेत्र भगवान महावीर की तपस्थली और जैन धर्म की महत्वपूर्ण विरासत से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इसकी पहचान इसके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के नाम से जुड़े इस स्थान को उसकी वास्तविक पहचान दिलाने का समय आ गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “अब यह फाजिलनगर नहीं कहा जाएगा, बल्कि पावागढ़ के रूप में हम इसे मान्यता देने जा रहे हैं। भगवान महावीर के नाम से इसकी पहचान होगी, फिर हम इसे फाजिलनगर क्यों कहें?”
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व वाले स्थलों को उनकी मूल पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों और जैन समाज के प्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत के सम्मान से जोड़कर देखा है। नाम परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकारी अभिलेखों और दस्तावेजों में भी नए नाम को लागू किया जाएगा।





















































Leave a comment