आजमगढ़ में महिलाओं को तंत्र मंत्र के नाम पर ठगने वाले अंतर्जनपदीय गैंग का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था शातिर टप्पेबाज, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; लाखों की ठगी से जुड़े कई मामलों का खुलासा
आजमगढ़। जनपद सहित प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं को भूत-प्रेत, तंत्र-मंत्र और शुद्धिकरण के नाम पर ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। सरायमीर थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से ठगी का माल, नगदी, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और आजमगढ़ समेत कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को थाना सरायमीर क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर उसे डराया और समस्या दूर करने के नाम पर कान की बालियां, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नकद ठगकर फरार हो गए थे। मामले में थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस को 1 जून की रात सूचना मिली कि उक्त घटना में शामिल दो अपराधी मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवा की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। करछा मंदिर के पास पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी द्वारा लगातार फायरिंग किए जाने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी खरेवा/फूलपुर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान पुत्र नासिर खान निवासी मौलाना आजाद नगर, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ तथा वर्तमान पता दुबग्गा, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 48 वर्ष बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से विभिन्न कस्बों और बाजारों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों पहले महिलाओं को परिवार पर संकट, भूत-प्रेत या तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर अपने विश्वास में लेते थे। इसके बाद शुद्धिकरण या पूजा-पाठ की बात कहकर उनसे गहने, नकदी और कीमती सामान ले लेते थे तथा महिलाओं को बिना पीछे मुड़े 51 कदम चलने का निर्देश देकर मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो कान की बालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सरायमीर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक पंकज यादव, उपनिरीक्षक राजनाथ यादव सहित सरायमीर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।





















































Leave a comment